
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज क्वेना मफाका ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया। मफाका ने डार्विन में खेले जा रहे पहले मुकाबले में 4 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने का पूरा प्रयास किया। हालांकि टिम डेविड के 83 रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को पहले टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 179 रनों का लक्ष्य दिया है। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज क्वेना मफाका ने डार्विन के मारारा क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
तेज गेंदबाज क्वेना मफाका ने टी20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लिए, जोकि किसी अफ्रीकी गेंदबाज द्वारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। अपना नौवां टी20 मैच खेल रहे इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के लगातार रन बनाने के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले काइल एबॉट ने 2014 में एडिलेड में 4 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए थे।
तेज गेंदबाज क्वेना मफाका ने मिचेल ओवन और फिर बेन को अपना शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने टिम डेविड और एडम जंपा को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 30 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। ट्रैविस हेड (दो),जॉश इंग्लिस (शून्य) और कप्तान मिचेल मार्श (13) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद कैमरून ग्रीन और टिम डेविड ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए चौथे विकेट के लिए 40 रन जोड़े।
छठे ओवर में लुंगी एन्गिडी ने कैमरून ग्रीन को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया। कैमरून ग्रीन ने 13 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए 35 रनों की पारी खेली। इसके बाद मिचेल ओवेन (दो) और ग्लेन मैक्सवेल (एक) सस्ते में पवेलियन लौट गये। इस दौरान टिम डेविड एक छोर थामे रन बनाते रहे। बेन ड्वारश्विस (17), एडम जम्पा एक रन बनाकर आउट हुये। 19वें ओवर में लुंगी एन्गिडी ने टिम डेविड को बोल्ड कर आउट किया। टिम डेविड ने 52 गेंदों में आठ छक्के और चार चौके लगाते हुए 83 रन बनाये। ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित 20 ओवर में 178 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट नेथन एलिस (12) रनआउट के रूप में गिरा।




