
बॉलीवुड एक्टर फैसल खान के अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाने के बाद अब आमिर खान की फैमिली ने इस बारे में आधिकारिक बयान जारी करके दावों को खारिज किया है। फैसल ने आरोप लगाया था कि उन्हें एक साल तक घर में बंद करके रखा गया और यह कहकर बदनाम किया गया कि उन्हें स्किजोफ्रेनिया है। फैसल ने अपने पूरे परिवार को इस मालमे में जिम्मेदार ठहराया था। खान परिवार ने फैसल के दावों को खारिज करते हुए मीडिया से अपील की है कि उनके फैमिली मैटर को गॉसिप्स और सनसनी के लिए इस्तेमाल ना किया जाए।
परिवार की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि फैसल की बातों ने उन्हें आहत किया है और यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने घटनाओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किया हो। परिवार ने साफ किया कि फैसल से जुड़े सभी फैसले डॉक्टरों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद ही किए गए थे।
खान परिवार की तरफ से जारी किए गए बयान में लिखा, “हमें दुख है कि फैसल ने अपनी मां जीनत ताहिर हुसैन, बहन निखत हेगड़े और भाई आमिर (खान) की छवि खराब करने की कोशिश की और बातों को गलत ढंग से पेश किया। क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने घटनाओं को गलत तरीके से बताया है, इसलिए हम अपने इरादे साफ करना और एक परिवार के तौर पर अपनी एकजुटता को दोहराना जरूरी समझते हैं।”
जो बयान खान परिवार की तरफ से जारी किया गया है इस पर रीना दत्ता, जुनैद खान, आइरा खान, फरहत दत्ता, राजीव दत्ता, किरण राव, संतोष हेगड़े, सहर हेगड़े, मंसूर खान, नुजहत खान, इमरान खान, टीना फॉन्सेका, जैन मैरी खान और पाब्लो खान समेत फैमिली के अन्य मेंबर्स ने भी साइन किए हैं। किसी भी तरह की साजिश की संभावना को नकारते हुए बयान में लिखा गया है कि, “यह जरूरी है कि हम साफ कर दें कि फैसल से जुड़े हर फैसले में पूरे परिवार की राय शामिल रही है, और यह फैसले कई मेडिकल एक्सपर्ट्स की सलाह के बाद सिर्फ उनकी इमोशनल और मेंटल हेल्थ को ध्यान में रखकर लिए गए।”




